Live Updates: सीजेएम तृप्ति पाण्डेय वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए कर रहीं सुनवाई, एसटीएफ ने विकास दुबे को किया पेश

 



कानपुर गोलीकांड के आरोपी कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे अज्ञात स्थान पर मध्यप्रदेश पुलिस पूछताछ कर रही है। उसे यूपी लाने के लिए एक यूपी पुलिस की एक टीम जल्द ही मध्यप्रदेश पहुंचेगी। वहीं विकास दुबे उत्तर प्रदेश के नंबर प्लेट वाली एक गाड़ी से मध्यप्रदेश पहुंचा था। गाड़ी पर हाईकोर्ट लिखा हुआ है। इसी कारण वह आसानी से सीमा पार कर पाया। गाड़ी किसी मनोज यादव के नाम पर पंजीकृट बताई जा रही है। हालांकि उन्होंने विकास यादव से किसी भी तरह का कोई संबंध होने की बात नकारी है। इसके अलावा गैंगस्टर की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए मिलीभगत की ओर इशारा किया है। जिसपर भाजपा ने उसे जवाब दिया है।


 


सीजेएम तृप्ति पाण्डेय वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए सुनवाई कर रहीं हैं। एसटीएफ ने कुख्यात अपराधी को पेश किया है।


 


05:15 PM, 09-JUL-2020


पुलिस रिमांड पर लेकर कानपुर सबूत ढूंढने जाएगी


 


सूत्रों के मुताबिक, पुलिस रिमांड पर लेकर कानपुर सबूत ढूंढने जाएगी। खबर ये भी है कि विकास दुबे को पुलिस ने दी थी रेड की जानकारी। 


05:12 PM, 09-JUL-2020


उज्जैन के पुलिस सेंटर में है विकास दुबे


सूत्रों के मुताबिक खबर है कि उज्जैन के पुलिस सेंटर में है विकास दुबे। यहां उससे पूछताछ जारी है। 


विज्ञापन


 


05:05 PM, 09-JUL-2020


विकास दुबे ने कहा, चौबेपुर के अलावा कई थानों में उसके मददगार


विकास दुबे ने कहा, मैंने सभी साथियों को अलग अलग भागने को कहा था। आगे उसने कहा कि एनकाउंटर के डर से फायरिंग की। इसके अलावा उसने कहा कि चौबेपुर के अलावा कई थानों में मेरे मददगार थे। 


05:02 PM, 09-JUL-2020


पुलिस पूछताछ में विकास दुबे ने क्या क्या कहाः-


पुलिसकर्मियों के शव जलाने के लिए तेल लाए थे।


शवों को जलाकर सबूत मिटाने की योजना थी


हमें खबर थी पुलिस सुबह आएगी।


पुलिस सुबह की बजाय रात में ही रेड करने आ गई।


04:57 PM, 09-JUL-2020


विकास दुबे की मां ने सरकार से जान बख्श देने की गुहार लगाई


विकास दुबे के पकड़े जाने के बाद उसकी मां ने सरकार से जान बख्श देने की गुहार लगाई है। विकास की मां ने बताया कि वह हर साल उज्जैन के महाकाल मंदिर में जाकर भगवान के दर्शन करता था और उनका श्रृंगार करवाता था।


04:51 PM, 09-JUL-2020


विकास दुबे ने माना कि कुछ पुलिस कर्मी उसके संपर्क में थे


कुख्यात अपराधी विकास दुबे ने माना कि कुछ पुलिस कर्मी उसके संपर्क में थे। वहीं, सूत्रों के मुताबिक खबर मिल रही है कि यूपी पुलिस की एक टीम उज्जैन पहुंचने वाली है। विकास दुबे को ट्रांजिट रिमांड के लिए उज्जैन सीजेएम तृप्ति पांडे के समक्ष पेश किया जाएगा।


04:11 PM, 09-JUL-2020


पुलिस की कार्रवाई पर उठने लगे सवाल


विकास दुबे के पकड़े जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कानपुर एनकाउंटर में शहीद हुए बिल्हौर सीओ देवेंद्र मिश्रा के परिवार ने विकास की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। आगे पढ़ें- कानपुर एनकाउंटर में शहीद सीओ देवेंद्र मिश्रा के परिजनों का आरोप, बोले विकास दुबे को क्यों बचाया जा रहा है


 


03:56 PM, 09-JUL-2020


विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद लखनऊ के दो वकील हिरासत में 


कुख्यात अपराधी विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद लखनऊ के दो वकीलों को भी उज्जैन से पुलिस हिरासत में लिया गया है। ये दोनों वकील निजी गाड़ी से उज्जैन गए थे। पुलिस उनसे विकास दुबे से कनेक्शन की जांच कर रही है। आगे पढें- विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद हिरासत में लिए गए दो वकील, निजी गाड़ी से उज्जैन गए थे, पूछताछ जारी


 


03:48 PM, 09-JUL-2020


विकास की गिरफ्तारी के बाद घोषित इनामी राशि पर टिकी सबकी नजर


विकास को तो पकड़ लिया गया, लेकिन जिस तरह से उसकी गिरफ्तारी हुई है उसके बाद से सभी की नजर उसपर घोषित इनामी राशि पर टिक गई है। आगे पढ़ें- आखिरकार पकड़ा गया विकास दुबे, अब किसे मिलेगी पांच लाख की इनामी राशि?


 


 


03:40 PM, 09-JUL-2020


विकास दुबे हो सकता है कोरोना पॉजिटिव


आशंका है कि विकास दुबे कोरोना पॉजिटिव हो सकता है। ऐसी संभावना इसलिए है क्योंकि उसके रिश्तेदार श्रवण मिश्रा की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। आग पढ़ें- विकास दुबे हो सकता है कोरोना संक्रमित, फरीदाबाद में गिरफ्तार रिश्तेदार श्रवण की रिपोर्ट आई पॉजिटिव


 


03:32 PM, 09-JUL-2020


विकास की जमीनें बेचने की फिराक में था राजू 


विकास का साला राजू बहन सोनू के नाम पर खरीदी गई जमीनों को बेचने की फिराक में था। दुबे ने अपने दर्जनों गुर्गे राजू खुल्लर और सोनू को जिंदा या मुर्दा पकड़कर लाने के लिए लगा दिए थे।


 


03:25 PM, 09-JUL-2020


मुखबिर से मिली थी विकास दुबे के गांव में होनी की सूचना


कानपुर एनकाउंटर में गोरखपुर के रहने वाले दारोगा सुधाकर पांडे घायल हो गए थे। उन्होंने घटना के बारे में बताते हुए कहा था कि हमले के दौरान लगा कि मौत बिल्कुल सामने खड़ी है। सुधाकर पांडे ने बताया कि विकास दुबे की घर पर होने की सूचना मुखबिर द्वारा मिली, जिस पर क्षेत्राधिकारी स्तर की टीम जिसमें तीन थाने शामिल थे। रात के करीब एक बजे जब 40 पुलिसकर्मियों टीम दुबे के गांव पहुंची तो देखा कि रास्ते को जेसीबी लगाकर रोक दिया गया था।


 


03:20 PM, 09-JUL-2020


विकास की रोटी-बोटी पर पल रहे थे ये पुलिसकर्मी


थानेदार विनय तिवारी और दरोगा केके शर्मा विकास के पैर छूते थे। उसके खिलाफ जो भी शिकायत करने पहुंचता था, उसी को धमकाकर खदेड़ देते थे। संरक्षण देने के लिए हर महीने मोटी रकम इन दोनों के पास पहुंचती थी। दोनों पुलिसकर्मी दहशतगर्द की रोटी और बोटी पर पल रहे थे।


 


03:16 PM, 09-JUL-2020


डीएसपी सहित आठ पुलिसकर्मी हुए थे गोलीकांड में शहीद


एनकाउंटर में डीएसपी देवेंद्र मिश्र, शिवराजपुर एसओ महेश यादव समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। शुरुआती जांच में ही पता चला था कि थाने से दहशतगर्द विकास को सूचना दी गई थी कि दबिश पड़ने वाली है। इसलिए उसने पूरी तैयारी के साथ पुलिस पर हमला किया। एसएसपी ने इस प्रकरण की जांच एसपी ग्रामीण बृजेश कुमार श्रीवास्तव को दी थी।


 


03:01 PM, 09-JUL-2020


खूनी खेल देखने के बाद फरार हो गए थे एसओ विनय तिवारी और दरोगा केके शर्मा


चौबेपुर के बिकरू गांव में हुए एनकाउंटर में तत्कालीन चौबेपुर एसओ विनय तिवारी और हलका इंचार्ज दरोगा केके शर्मा की गद्दारी पर मुहर लग गई है। आठ पुलिसकर्मियों की मौत के जिम्मेदार यही हैं। आंखों से खूनी खेल देखने के बाद मौके से फरार हो गए थे। पुलिसकर्मियों की शहादत पर ये पुलिसकर्मी खुश हुए थे।


 


02:55 PM, 09-JUL-2020


170 कैमरों के बीच खुलेआम घूमता रहा विकास दुबे


महाकाल मंदिर परिसर में 170 आधुनिक कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा यहां हर समय 60 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। गुरुवार सुबह जब मंदिर से विकास को गिरफ्तार किया गया, तब भी वहां भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। हैरानी की बात यह है कि इस सब के बावजूद विकास दुबे मुंह पर मास्क लगाकर खुलेआम घूम रहा था। उसने मंदिर में फोटो भी खिंचवाए और किसी तो खबर तक नहीं लगी।


 


 


02:50 PM, 09-JUL-2020


सात राज्यों की पुलिस को गुमराह करता रहा गैंगस्टर विकास दुबे


कुख्यात विकास दुबे को पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, और मध्यप्रदेश में अलर्ट जारी किया गया था लेकिन विकास इतना शातिर है कि सात दिनों तक सात राज्यों की पुलिस को गुमराह करता रहा। विकास को पकड़ने के लिए कानपुर के चालीस थानों के पुलिसबल, दस हजार पुलिसकर्मी और यूपी एसटीएफ की सौ से अधिक टीमें, साथ ही प्रदेश का खुफिया विभाग उसकी तलाश करता रहा लेकिन इन सब को गच्चा देकर वो मध्यप्रदेश भाग निकला और फिर बड़ी आसानी से पुलिस की गिरफ्त में आ गया।


 


02:45 PM, 09-JUL-2020


2022 का विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता था गैंगस्टर


अपनी राजनीतिक पैठ बनाने के लिए विकास दुबे 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी भी कर रहा था और उसने भाजपा और बसपा दोनों पार्टियों पर अपनी निगाह लगा रखी थी। करीबी सूत्रों के अनुसार वह रनिया से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर इस बार चुनाव को लेकर पूरी तैयारी में था। कुछ दिनों पहले बदमाशों के हाथों मारे गए पिंटू सेंगर और विकास दुबे दोनों अगल-बगल की विधानसभा को लेकर बसपा से ही तैयारी में जुटे थे।


 


02:40 PM, 09-JUL-2020


जिसकी पार्टी रहती उसके दमदार नेताओं के संपर्क में रहता था विकास दुबे


विकास दुबे का राजनीतिक इतिहास भी चौंकाने वाला है। यह जिस पार्टी की सरकार रहती है उसी पार्टी के दमदार नेताओं के संपर्क में रहकर अपनी सुरक्षा करता है। सबसे ज्यादा राजनीतिक पकड़ इसको बसपा की सरकार में मिली। तब से लेकर यह सपा के कई प्रमुख नेताओं और भाजपा के भी कुछ नेताओं के संपर्क में रह रहा था, लेकिन भाजपा के एक राष्ट्रीय स्तर के नेता की वजह से भारतीय जनता पार्टी में उसकी घुसपैठ पिछले 2 साल से नहीं हो पा रही थी।


 


02:35 PM, 09-JUL-2020


फरीदाबाद से फरार होने में मिली थी गैंगस्टर को सफलता


विकास मंगलवार को फरीदाबाद के एक होटल में देखा गया था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वो वहां से ऑटो में बैठकर फरार हो गया।


 


 


 


02:30 PM, 09-JUL-2020


विकास के दो साथियों को गुरुवार सुबह पुलिस ने किया ढेर


इससे पहले गुरुवार सुबह ही विकास के दो करीबी प्रभात मिश्रा और बऊआ उर्फ प्रवीण को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। प्रभात को पुलिस ने बुधवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था। यूपी पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर ले जा रही थी। रास्ते में प्रभात ने भागने की कोशिश की, उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रभात मारा गया। दूसरी ओर विकास गैंग के ही बऊआ दुबे उर्फ प्रवीण को पुलिस ने इटावा में मार गिराया। दोनों बदमाश दो जुलाई को बिकरू गांव में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल थे।


 


02:23 PM, 09-JUL-2020


मंदिर में आराम से घूमता रहा विकास


गैंगस्टर विकास ने वीवीआईपी दर्शन के लिए पर्ची कटवाने के बाद प्रसाद की एक दुकान पर पहुंचकर अपना बैग रखा। बैग रखने के बाद वह महाकाल मंदिर के एक नंबर गेट से पर्ची दिखाकर दाखिल हुआ। अंदर जाने के दौरान एक सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखे। इस दौरान विकास आराम से मंदिर प्रांगण में घूमता रहा। पुलिस उसकी लोकेशन देखकर मंदिर के अंदर दाखिल हुई और उसे हिरासत में ले लिया।


 


02:18 PM, 09-JUL-2020


आत्मसमर्पण के लिए महाकाल पहुंचा था गैंगस्टर


कानपुर के बिकरू गांव में 8 पुलिस कर्मियों की हत्या के बाद फरार हुआ कुख्यात विकास दुबे फरीदाबाद से गायब होने के बाद गुरुवार को अचानक 750 किमी दूर मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में नजर आया। यहां उसने सबसे पहले 250 रुपए की पर्ची कटवाई फिर मंदिर में महाकाल के दर्शन किए और फिर चिल्ला चिल्लाकर बोला मैं हूं कानपुर वाला विकास दुबे।


 


02:13 PM, 09-JUL-2020


दो अन्य साथी भी हुए गिरफ्तार: मध्यप्रदेश पुलिस


मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा कि विकास दुबे उज्जैन में महाकाल मंदिर में वीआईपी पास लेकर दर्शन करने पहुंचा था। उसके दो अन्य साथी भी गिरफ्तार किए गए हैं।


 


02:06 PM, 09-JUL-2020


लखनऊ नंबर की गाड़ी से उज्जैन पहुंचा था विकास दुबे


लखनऊ नंबर की गाड़ी से महाकाल जी मंदिर पहुंचा था विकास दुबे। नंबर प्लेट पर हाईकोर्ट लिखा हुआ है। यह गाड़ी मनोज यादव के नाम पर रजिस्टर्ड है। 


 


01:57 PM, 09-JUL-2020


दुबे को लाने के लिए जल्द उज्जैन पहुंचेगी यूपी पुलिस


यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार से जब पूछा गया कि क्या यह (दुबे की गिरफ्तारी) उप्र पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस का संयुक्त अभियान था तो उन्होंने जवाब दिया कि नही वहां हमारी टीम मौजूद नही थी। अधिकारी ने कहा कि कानपुर से जांच अधिकारी और पुलिस टीम शीघ्र ही दुबे को लाने के लिए उज्जैन पहुंचेगी।


 


01:51 PM, 09-JUL-2020


ट्वीट वॉर शुर- नरोत्तम मिश्रा का प्रियंका गांधी को जवाब


विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद नरोत्तम मिश्रा और प्रियंका गांधी में ट्वीट वॉर शुरू हो गया है। प्रियंका के ट्वीट का जवाब देते हुए मिश्रा ने कहा, 'ये लोग पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाते हैं। ये गलवां में भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं। आज एक कुख्यात अपराधी पकड़ा गया है तो मध्यप्रदेश पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं। ये वो हैं जो सेना और पुलिस का मनोबल गिराने का काम करते हैं।'


 


01:42 PM, 09-JUL-2020


सात जुलाई को सामने आया था पहला सीसीटीवी फुटेज


सात जुलाई की रात को विकास का फरीदाबाद में पहला सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। जहां वो होटल में कमरा लेने गया था। इस दौरान विकास ने अपनी भाभी के यहां शरण ली। फरीदाबाद से गायब होने के बाद विकास 750 किमी दूर मध्यप्रदेश के उज्जैन में नजर आया। यहां उसने महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पर्ची कटवाई फिर मंदिर प्रांगण में घूमता रहा।


 


01:37 PM, 09-JUL-2020


विकास दुबे को जल्द ही ट्रांजिट रिमांड पर उज्जैन से उप्र लाएगी पुलिस


उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे को मध्यप्रदेश के उज्जैन से ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। दुबे को आज मध्यप्रदेश पुलिस ने उज्जैन से गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा कि दुबे को ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश लाया जाएगा और कानपुर कांड में शामिल दुबे के गिरोह के सभी सदस्यों को पकड़ने तक हमारा अभियान जारी रहेगा।


 


01:32 PM, 09-JUL-2020


पुलिस को पांच दिन तक नहीं मिली थी विकास की लोकेशन


कानपुर गोलीकांड के पांच दिन तक विकास कहां है किसी को पता नहीं था। विकास की आखिरी लोकेशन पुलिस ने औरैया में ट्रेस की थी। इसके बाद विकास का मोबाइल ऑफ हो गया। इस दौरान विकास के उन्नाव, कानपुर देहात, मेरठ, दिल्ली फिल्म सिटी, नेपाल बॉर्डर सहित कई जगहों पर मिलने की आशंका में पुलिस दबिश देती रही।


 


01:26 PM, 09-JUL-2020


शिवली गांव में दो दिन छिपा रहा था विकास दुबे


विकास को पकड़ने के लिए कानपुर के चालीस थानों की फोर्स, सात हजार पुलिसकर्मी और यूपी एसटीएफ की सौ से अधिक टीमें उसकी तलाश करती रहीं लेकिन इन सब को गच्चा देकर वो मध्यप्रदेश भाग निकला और फिर बड़ी आसानी से पुलिस की गिरफ्त में आ गया। सबसे मजे की बात ये कि विकास कानपुर एनकाउंटर की घटना को अंजाम देने के बाद वो घटनास्थल से महज पांच किमी दूर शिवली गांव में दो दिन छिपा रहा और पुलिस पूरे प्रदेश में उसे ढूंढती रही।


 


01:21 PM, 09-JUL-2020


तीन जुलाई को यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में विकास के दो साथियों का मार दिया था


तीन जुलाई को यूपी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान विकास के दो साथियों को बिकरू के पास जंगलों में छह घंटे बाद मार गिराया। यूपी डीजीपी ने प्रदेश के 75 जिलों में विकास को पकड़ने के लिए अलर्ट जारी किया था। सीएम योगी ने कानपुर पहुंच कर आठ पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी एवं शहीद के परिजनों से मुलाकात की थी। शुरुआती जांच में चौबेपुर एसओ की भूमिका को संदिग्ध पाते हुए सस्पेंड कर दिया गया था।


 


 


 


01:15 PM, 09-JUL-2020


बंदूक के दम पर विकास ने जबरन कराई थी अपने 'राइट हैंड' अमर की शादी


कानपुर एनकाउंटर के बाद पुलिस के साथ हमीरपुर एनकाउंटर में मारे गए अमर दुबे की 29 जून को शादी बंदूक के दम पर दहशतगर्द विकास दुबे के किलेनुमा घर में हुई थी। आवारापन और दर्ज केसों की जानकारी के बाद युवती के घरवालों ने शादी से इंकार कर दिया था तो विकास ने दबाव डालकर शादी करवा दी।


 


01:10 PM, 09-JUL-2020


अधिकारियों को अय्याशी करवाता था विकास दुबे का करीबी जय


विकास दुबे का खजांची जय बाजपेई पूर्व में शहर में तैनात एक आलाधिकारी का बहुत करीबी था। उनकी अधिकतर जरूरतें वही पूरी करता था। हाल ही में उस अधिकारी का बिठूर में फार्म हाउस भी बनवाना शुरू कर दिया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार आलाधिकारी की तैनाती के बाद जय एक करीबी विधायक के जरिए उनके संपर्क में आया। उसने अधिकारियों के लिए एक बंगले में अय्याशी का भी पूरा इंतजाम कर रखा था।


 


01:06 PM, 09-JUL-2020


शहडोल के बुढ़ार से विकास के साले को भी ले गई एसटीएफ


विकास दुबे की तलाश में जुटी यूपी एसटीएफ बुधवार को दोबारा शहडोल जिले के बुढ़ार पहुंची और उसके साले ज्ञानेंद्र निगम उर्फ राजू उर्फ राजू खुल्लर को ले गई। एक दिन पहले यूपी एसटीएफ राजू के बेटे 20 वर्षीय आदर्श उर्फ महेंद्र निगम को भी अपने साथ ले गई थी।


 


12:55 PM, 09-JUL-2020


उज्जैन से विकास की गिरफ्तारी पर प्रियंका ने यूपी सरकार को बताया फेल


गैंगस्टर विकास दुबे की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आरोपी का उज्जैन पहुंचना मिलीभगत की ओर इशारा करता है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'कानपुर के जघन्य हत्याकांड में यूपी सरकार को जिस मुस्तैदी से काम करना चाहिए था, वह पूरी तरह फेल साबित हुई। अलर्ट के बावजूद आरोपी का उज्जैन तक पहुंचना, न सिर्फ सुरक्षा के दावों की पोल खोलता है बल्कि मिलीभगत की ओर इशारा करता है। तीन महीने पुराने पत्र पर ‘नो एक्शन’ और कुख्यात अपराधियों की सूची में ‘विकास’ का नाम न होना बताता है कि इस मामले के तार दूर तक जुड़े हैं। यूपी सरकार को मामले की सीबीआई जांच करा सभी तथ्यों और प्रोटेक्शन के ताल्लुकातों को जगजाहिर करना चाहिए।'


 


 


 


 


 


12:49 PM, 09-JUL-2020


जिला पंचायत और प्रधानी के चुनाव का विरोध करने वालों को करता था प्रताड़ित


बिकरू गांव में रोली शुक्ला और उनके पति को मार्च में विकास और उसके गुंडों ने घर में घुसकर पीटा था। विरोध करने पर रोली के पति को बांधकर उल्टा लटका दिया। बिल्हौर के शिवबचन बताते हैं कि जिला पंचायत और प्रधानी के चुनाव में विरोध करने वालों को दुबे अपने घर में कैद कर प्रताड़ित करता था। ऐसे में लोग उसका विरोध करने से डरने लगे थे।


 


 


12:44 PM, 09-JUL-2020


प्रिंसिपल को मारकर खून हाथों में मला था


विकास दुबे बेहद क्रूर हत्यारा रहा है। 1992 से 2020 तक जो भी उसके आड़े आया, विकास ने उसे मार दिया। हर हत्या क्रूरता की हदें पार करने वाली थी। विकास जिस स्कूल में पढ़ा था, उसके ही प्रिंसिपल की वीभत्स हत्या कर दी थी। बुजुर्ग सिद्धेश्वर पांडेय दुहाई देते रहे, लेकिन उसने एक न सुनी। हत्या के बाद उसने पांडेय का खून अपने हाथों पर भी मला था। पांडेय के बेटे राजेंद्र कहते हैं कि विकास ने उनके पिता को तड़पा-तड़पाकर मारा था।


 


 


12:40 PM, 09-JUL-2020


विकास की लाल डायरी से हो सकते हैं काफी खुलासे


संतोष शुक्ला के भाई मनोज ने कहा था, 'प्रशासनिक तंत्र ने विकास की मदद की। इसलिए अपराध की दुनिया का पौधा वटवृक्ष बन गया। मैं न्याय की गुहार लगता रहा, लेकिन तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियां विकास के पक्ष में थीं। मेरी कहीं सुनवाई नहीं हुई। कुछ मंत्री विकास की मदद कर रहे थे। विकास के पास एक लाल डायरी है। इसमें वह अपने खास अधिकारियों, नेताओं और उनसे जुड़े लोगों का हिसाब रखता है। अगर पुलिस को डायरी मिलती है तो काफी खुलासे हो सकते हैं।’


 


12:30 PM, 09-JUL-2020


अज्ञात जगह पर हो रही है पूछताछ


मध्यप्रदेश पुलिस गैंगस्टर विकास दुबे से अज्ञात जगह पर पूछताछ कर रही है। अदालत से रिमांड मिलने के बाद उसे यूपी पुलिस को सौंप दिया जाएगा।


 


12:25 PM, 09-JUL-2020


किलेनुमा मकान में बंकर भी बना रखा था, पुलिस पर एके 47 से चलाईं गोलियां


विकास का मकान चारों ओर से 20 फीट ऊंची और मोटी चहारदीवारी से घिरा हुआ था। दीवारों पर कंटीले तार भी थे। मकान में उसने बंकर बना रखा था, जबकि निगरानी के लिए उसने 50 सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। प्रशासन की कार्रवाई से पहले घटनास्थल पर बाहरी लोगों के जाने पर पुलिस ने रोक लगा दी थी।


 


12:17 PM, 09-JUL-2020


आठ पुलिसवालों के हत्यारे का घर तोड़ा, तलाश में 100 टीमें


उत्तर प्रदेश के कानपुर में पकड़ने गई टीम के 8 पुलिसवालों की हत्या के मामले में वांछित अपराधी विकास दुबे का बिकरु गांव में स्थित मकान ढहा दिया गया था। बीते शनिवार सुबह प्रशासन की टीम ने उसी जेसीबी से उसके घर को ढहा दिया जिससे उसने पुलिस का रास्ता रोका था। इसके साथ ही विकास के मकान में खड़े ट्रैक्टर सहित 60 लाख की कीमत वाली दो एसयूवी गाड़ियां भी तोड़ दी थीं।


 


 


12:12 PM, 09-JUL-2020


एनकाउंटर के डर से आत्मसमर्पण करना चाहता था विकास दुबे 


महाकाल मंदिर के पुजारी आशीष ने बताया कि पुलिस द्वारा एनकाउंटर में मारे जाने के डर से विकास दुबे आत्मसमर्पण करना चाहता था। मंदिर परिसर पहुंचने के बाद वो चिल्ला चिल्लाकर कहने लगा कि वह ही विकास दुबे है। उसने महाकाल मंदिर के सुरक्षाकर्मियों से कहा कि पुलिस को उसके बारे में सूचना दी जाए। 


 


12:07 PM, 09-JUL-2020


यूपी में पुलिस पर पहले भी हो चुके हैं हमले; पर पुलिस ने नकेल भी कसी


जुलाई 2016 में मथुरा के जवाहरबाग भूमाफिया रामवृक्ष यादव से जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस पर हमला हुआ था। एएसपी मुकुल द्विवेदी व एसओ संतोष कुमार शहीद हुए थे। मार्च 2013 में प्रतापगढ़ के कुंडा में हमला हुआ, सीओ जियाउल हक को मार दिया गया। 20 मार्च 2017 से एक जुलाई मध्य सूबे में पुलिस और अपराधियों के बीच 6143 मुठभेड़ हुई हैं। इस दरमियान पुलिस ने 13241 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की गोली लगने से 2250 से अधिक अपराधी घायल हुए और 113 बदमाशों को पुलिस ने मौत के घाट भी उतारा।


 


12:04 PM, 09-JUL-2020


मां बोली बेटे की जान बख्श दे सरकार


गैंगस्टर विकास दुबे की मां का कहना है कि हर साल मेरा बेटा उज्जैन मंदिर जाता था और श्रृंगार करवाता था। भोले बाबा ने मेरे बेटे की जान बचाई है। सरकार बेटे की जान बख्श दे।


 


12:01 PM, 09-JUL-2020


दुबे के गैंग के पांच लोगों को पुलिस ने मार गिराया


दो जुलाई की रात पुलिस टीम पर हमले के बाद से पुलिस ने अब तक उसके गैंग के पांच लोगों को मार गिराया है, जबकि खाकी से गद्दारी करने वाले तीन पुलिसकर्मियों समेत कई अन्य पुलिस की गिरफ्त में हैं।


 


 


11:57 AM, 09-JUL-2020


ढह गया पांच लाख के इनामी विकास दुबे का साम्राज्य


चौबेपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाला मोस्टवांटेड विकास दुबे का आपराधिक साम्राज्य ढहने लगा है। हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके गुर्गे एक-एक कर ढेर हो रहे हैं। हमीरपुर में राइट हैंड अमर दुबे को मारने के बाद गुरुवार को यूपी एसटीएफ ने उसके दो और खास गुर्गों प्रभात मिश्रा उर्फ कार्तिकेय और प्रवीण उर्फ बब्बन दुबे को कानपुर और इटावा में हुए मुठभेड़ में मार गिराया गया।


 


11:53 AM, 09-JUL-2020


बड़ा सवाल: आखिर उज्जैन कैसे पहुंचा विकास दुबे?


बुधवार को फरीदाबाद और एनसीआर में लोकेशन मिलने के बाद आखिर वह उज्जैन कैसे पहुंचा यह बड़ा सवाल है। हालांकि अब उज्जैन पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। यूपी पुलिस के पहुंचते ही उसकी ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई की जाएगी। उम्मीद है थोड़ी देर में ही उज्जैन पुलिस इसका खुलासा करेगी कि वह यहां कैसे पहुंचा।


 


11:49 AM, 09-JUL-2020


पुलिस स्टेशन में घुसकर मंत्री की हत्या करने का लगा था आरोप


राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त संतोष शुक्ला 11 नवंबर 2001 को कानपुर के थाना शिवली गए थे। आरोप है कि जैसे ही वे थानेदार के कमरे से निकले, विकास ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। सबूतों, गवाहों की कमी से आरोप सिद्ध नहीं हो सके और वह बरी हो गया।


 


11:46 AM, 09-JUL-2020


विकास की मां बोली- बेटे को गोली मार दो


विकास की मां सरला दुबे बताती हैं कि विकास विधायक बनना चाहता था। इसी चाह में अपराध की ओर बढ़ गया। उसने बहुत गलत किया है, पुलिस अगर उसे पकड़ लेती है, तो उसे गोली मार दे।


 


11:42 AM, 09-JUL-2020


पर्ची पर लिखाया सही नाम


गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे विकास दुबे वीआईपी दर्शन के टिकट काउंटर पर पहुंचा। वहां उसने वीआईपी दर्शन के लिए 250 रुपए की पर्ची कटवाई। उसने जानबूझकर पर्ची पर अपना सही नाम विकास दुबे लिखवाया और मोबाइल नंबर भी दिया।


 


11:39 AM, 09-JUL-2020


एमपी पुलिस को विकास दुबे की गिरफ्तारी पर बधाई देता हूं: शिवराज


शिवराज सिंह चौहान ने गैंगस्टर की गिरफ्तारी पर कहा, 'मैं एमपी पुलिस को विकास दुबे की गिरफ्तारी के लिए बधाई देता हूं। मैं लगातार यूपी के अधिकारियों के संपर्क में हूं और यूपी के सीएम आदित्यनाथ से भी बात की है। आगे की जांच के लिए, उसे यूपी पुलिस को सौंप दिया जाएगा। दोनों राज्यों की पुलिस समन्वय में काम करेंगी।'


 


 


11:34 AM, 09-JUL-2020


हम भी अलर्ट पर थे: गुप्तेश्वर पांडे 


बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने गैंगस्टर दुबे की गिरफ्तारी पर कहा, 'विकास दुबे की गिरफ्तारी पर मध्यप्रदेश पुलिस को सलाम और बधाई। हम भी अलर्ट पर थे। अगर वह यहां आया होता तो हम भी उसे पकड़ लेते। वह बिहार नहीं आया क्योंकि मैंने कहा था कि अगर वह यहां आता है, तो वह बच नहीं पाएगा।'


 


 


 


 


 


11:26 AM, 09-JUL-2020


एक एसआई व सिपाही ने बाथरुम में छुपकर बचाई थी जान


पांच पुलिसकर्मियों ने घर के पीछे बने अधूरे शौचालय में छिपने की कोशिश की, पर बच नहीं पाए। एक एसआई व सिपाही ने एक घर के बाथरुम में सुबह सात बजे तक छिपे रहकर जान बचाई थी।


 


11:19 AM, 09-JUL-2020


मुठभेड़ में मारे गए थे दुबे के मामा और चचेरा भाई 


कानपुर गोलीकांड के बाद एक अन्य मुठभेड़ में दुबे के मामा और चचेरे भाई को पुलिस ने ढेर कर दिया था। वहीं शहीद पुलिसकर्मियों में 3 सब इंस्पेक्टर और 4 सिपाही शामिल हैं। दुबे के खिलाफ 60 से अधिक गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। 


 


11:14 AM, 09-JUL-2020


उज्जैन से गिरफ्तारी हुआ विकास दुबे: मिश्रा


जब मिश्रा से सवाल किया गया कि क्या महाकाल मंदिर में दुबे की गिरफ्तारी हुई है तो उन्होंने कहा, 'मंदिर के बाहर-अंदर को बीच में न लाएं पर उज्जैन में गिरफ्तारी हुई है।' पुजारी एवं कुछ लोगों ने उसका चेहरा पहचाना और उसके बाद पुलिस को सूचना दी या पुलिस ने सीधे उसे गिरफ्तार किया के सवाल पर मिश्रा ने कहा, 'इंटेलीजेंस की बात भी बताएंगे। पहले हमें इसके मर्म तक आने दो। बाकी चीजें बाद में बताएंगे, पहले पता करने दो।'


 


11:09 AM, 09-JUL-2020


महाकाल मंदिर में लखन यादव नाम के गार्ड ने गैंगस्टर विकास दुबे को पहचाना और उसे पुलिस को सौंप दिया।


 


 


 


 


 


11:04 AM, 09-JUL-2020


ये आत्मसमर्पण है या गिरफ्तारी: अखिलेख यादव


उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेख यादव ने विकास दुबे की गिरफ्तारी को लेकर कहा, 'खबर आ रही है कि ‘कानपुर-कांड’ का मुख्य अपराधी पुलिस की हिरासत में है। अगर ये सच है तो सरकार साफ करे कि ये आत्मसमर्पण है या गिरफ्तारी। साथ ही उसके मोबाइल की सीडीआर सार्वजनिक करे जिससे सच्ची मिलीभगत का भंडाफोड़ हो सके।'


 


 


 


 


 


11:00 AM, 09-JUL-2020


हत्या के प्रयास के मामले में दुबे को गिरफ्तार करने पहुंची थी पुलिस


उत्तर प्रदेश पुलिस हत्या के प्रयास के मामले में दुबे को गिरफ्तार करने उसके गांव विकरू में गई थी। डीजीपी एचसी अवस्थी ने आशंका जताई थी कि दुबे को दबिश की सूचना पहले ही मिल गई होगी। 


 


10:56 AM, 09-JUL-2020


गैंगस्टर ने पुलिस को घेरकर चलाई थीं गोलियां


यूपी के कानपुर में बीते गुरुवार की रात गैंगस्टर विकास दुबे और उसके गुंडों ने पुलिस टीम को घेरकर डीएसपी सहित 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। जबकि हमले में सात पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। यह राज्य में पहली बार पुलिस को किसी मुठभेड़ में हुआ इतना बड़ा नुकसान था।


 


10:49 AM, 09-JUL-2020


हमारी सरकार किसी भी अपराधी को नहीं बख्शेगी: शिवराज 


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुबे की गिरफ्तारी को लेकर कहा, 'जिनको लगता है कि महाकाल की शरण में जाने से उनके पाप धुल जाएंगे उन्होंने महाकाल को जाना ही नहीं। हमारी सरकार किसी भी अपराधी को बख्शने वाली नहीं है।'


 


 


10:46 AM, 09-JUL-2020


कानपुर गोलीकांड में शहीद हुए थे आठ पुलिसकर्मी


विकास दुबे पर आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोप है। कानपुर के बिकरू गांव में विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसके आदमियों ने हमला कर दिया था, जिसमें आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इसके बाद से विकास दुबे फरार था और यूपी पुलिस उसको ढूंढने में लगी थी।


 


10:42 AM, 09-JUL-2020


गिरफ्तारी के बाद बोला- मैं विकास दुबे हूं


मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद विकास दुबे ने कहा, 'मैं विकास दुबे हूं, कानपुर वाला।'


 


 


10:38 AM, 09-JUL-2020


एमपी पुलिस यूपी पुलिस को सौंपेगी विकास दुबे


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन से विकास दुबे की गिरफ्तारी को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की।ए मपी पुलिस उसे यूपी पुलिस को सौंप देगी। यह जानकारी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से दी गई है।


 


 


10:24 AM, 09-JUL-2020


अलर्ट पर थी मध्यप्रदेश पुलिस: नरोत्तम मिश्रा


मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दुबे की गिरफ्तारी पर कहा, 'यह पुलिस की एक बड़ी कामयाबी है। विकास दुबे एक क्रूर हत्यारा है। मध्यप्रदेश पुलिस अलर्ट पर थी। उसे उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया है। हमने उत्तर प्रदेश पुलिस को सूचित कर दिया है।'


 


 


 


 


 


10:20 AM, 09-JUL-2020


यूपी के अपर मुख्य सचिव ने की दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि


यूपी के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने दुबे की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है। फिलहाल उज्जैन के फ्रीगंज थाने से उसे किसी गुमनाम स्थान पर ले जाया गया है। इसके अलावा यूपी पुलिस की एक टीम भी उज्जैन रवाना हो चुकी है।


 


10:17 AM, 09-JUL-2020


शिवराज ने योगी आदित्यनाथ से की बात


वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है।


 


10:16 AM, 09-JUL-2020


सुनियोजित तरीके से किया आत्मसमर्पण


दुबे ने सुनियोजित तरीके से आत्मसमर्पण किया है। उसने गुरुवार को महाकाल मंदिर में जाकर पर्ची कटाई, इसके बाद मंदिर के सुरक्षाकर्मी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विकास ने उज्जैन में मीडिया को भी बुलाया है।


 


10:16 AM, 09-JUL-2020


मध्यप्रदेश के गृह मंत्री ने दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की


गैंगस्टर की गिरफ्तारी पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि मध्यप्रदेश पुलिस को इंटेलिजेंस से कुख्यात अपराधी विकास दुबे के उज्जैन आने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर महाकाल थाना पुलिस ने विकास की गिरफ्तारी की है।


 


09:41 AM, 09-JUL-2020


सीजेएम तृप्ति पाण्डेय वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए कर रहीं सुनवाई, एसटीएफ ने विकास दुबे को किया पेश


कानपुर गोलीकांड के सातवें दिन कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे ने फिल्मी अंदाज में मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में आत्मसमर्पण कर दिया। सूत्रों से मिली खबर के अनुसार विकास दुबे ने महाकाल मंदिर के गार्ड से चिल्ला- चिल्लाकर कहा कि जानते हो मैं विकास दुबे हूं। इसके बाद महाकाल के सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़कर मध्यप्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया।


Comments

Popular posts from this blog

कानपुर ज्योति हत्याकांड :- ज्योति के 6 हत्यारों को उम्रकैद की सजा, ज्योति के पिता बोले न्याय की जीत।

ज्योति हत्याकांड में आरोपियों को दोषी करार होने के बाद शंकर नागदेव बोले न्याय के प्रति नतमस्तक हूँ।

कानपुर : वायरल ऑडियो मामले में पुलिस को दी गयी तहरीर, निदेशक बोले संस्थान की छवि धूमिल करने की हो रही साजिश।